फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर हर महादेव के जयकारे के साथ लगाई डुबकी

Tue, 23 Feb 2016 12:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कन्नौज।
विज्ञापन
विज्ञापन
माघ पूर्णिमा पर सोमवार को गंगा स्नान करने के लिए महादेवी घाट पर स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ी। रविवार की देर शाम से ही घाट किनारे भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया था। सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से लेकर दुपहर बाद तक लोग स्नान करते रहे। इस दौरान हर हर गंगे और हर हर महादेव के जयकारों से घाट गुंजायमान रहे।
विज्ञापन


माघ पूर्णिमा पर महादेवी घाट पर पूरे दिन मेला लगा रहा। जिले के तिर्वा, ठठिया, इंदरगढ़ के साथ ही औरैया व इटावा जिले के लोग भी गंगा में डुबकी लगाने पहुंचे। सुबह से ही लोग मोटरसाइकिलों, ट्रैक्टर ट्रालियों, बसों, तांगों, कारों पर सवार होकर महादेवी घाट के लिए रवाना हो गए।
 
सुरक्षा के मद्देनजर एसडीएम सुनील शुक्ला, तहसीलदार राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र पाल सिंह, सदर कोतवाल श्यामवीर सिंह, मानीमऊ चौकी प्रभारी उमेश चंद्र चौरसिया के अलावा भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।  गंगा नहाने के बाद लोगों ने टीपूचंद्र शिवाला मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। गंगा के बीच खड़े होकर भगवान सूर्यदेव को गंगा जल का अर्घ्य दिया। जयकारे लगाते हुए सुख व शांति की प्रार्थना की। दान पुण्य करने की भी होड़ लगी रही।
विज्ञापन

 
गुगरापुर क्षेत्र के जलेसर घाट पर भी गुरसहायगंज, जसोदा, नदसिया, तालग्राम क्षेत्र के लोग गंगा नहाने पहुंचे। महिलाओं का झुंड मंगल गीत सुनाते हुए चल रही थीं। सीताराम आश्रम, चियासर व कुसुमखोर घाट किनारे भी स्नानार्थियों की भीड़ लगी रही।
 
गंगा नहाने वालों की सुरक्षा के मद्देनजर चौकी प्रभारी नौरंगपुर दिनेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ डटे रहे। आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग की गाड़ी भी मौजूद रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी दुपहर 11 बजे तक मुस्तैद रही। ग्रामीणों ने बताया कि इस बार गंगा में पानी की मात्रा कम रही। लोगों को पहला जलस्त्रोत पार कर दूसरे स्थान पर डुबकी लगानी पड़ी। वहीं जलेसर घाट किनारे अखंड रामायण का पाठ भी हुआ। यहां सब सकुशल रहने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। एसडीएम छिबरामऊ महेश प्रसाद दीक्षित ने भी मौजूद रहकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें