कन्नौज। रमजान-उल-मुबारक के पूरा होने के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर यानी ईद मनाई गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने एक माह तक रोजे रखकर खुदा की इबादत की। सुबह ईदगाहों पर नमाज अदा कर देश में अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं।
शहर के हाजीगंज स्थित ईदगाह पर सुबह आठ बजे अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों ने भी बड़ों के साथ नमाज पढ़ी और उत्साह दिखाया। ईद की नमाज से पहले उलेमाओं ने पर्व को खुशी और भाईचारे का पैगाम बताया। उन्होंने बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने ईदगाह पहुंचकर शुभकामनाएं दी।
तालग्राम में पेश इमाम मौलाना नईम अख्तर हस्मती ने सुबह नौ बजे नमाज अदा कराई। उन्होंने गरीब, यतीम और बेसहारा लोगों की मदद करने का आह्वान किया। गुरसहायगंज में शहर काजी हाफिज जुम्मन ने सुबह साढ़े आठ बजे नमाज अदा कराई। समधन में भी मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन की दुआएं मांगीं।
हर्षोल्लास और गंगा-जमुनी तहजीब
छिबरामऊ में ईद की तैयारियां सुबह से शुरू हो गई थीं। बच्चों ने नए परिधान पहनकर और टोपियां लगाकर उत्साह दिखाया। जामा मस्जिद के पेश इमाम सैयद फुरकान अली ने नमाज अदा कराई। उन्होंने ईद को अल्लाह का खास तोहफा बताया, जिससे हर गरीब के घर में खुशी आती है। इत्रनगरी की गंगा-जमुनी तहजीब भी कायम रही, जहां हिंदू भाइयों ने मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी।
पकवान, मेले और सुरक्षा व्यवस्था
घरों में तरह-तरह के पकवान तैयार हुए, जिनमें सेवई सबसे खास थी। पकवानों की महक से घर के आंगन महक उठे। ईदगाहों के पास शानदार मेले लगे, जहां बच्चों ने खिलौने और खाद्य सामग्री खरीदी। बच्चों को ईदी मिलने पर वे खुशी से चहक उठे। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे, जिसमें ड्रोन कैमरों से निगरानी भी शामिल थी।
ये लोग रहे मौजूद
चेयरमैन मोहसिन खान जानू, पूर्व चेयरमैन दिनेश सिंह, मोहम्मद आफताब इदरीसी, सुब्हान खान, सौरभ गुप्ता, सभासद पंकज ठाकुर, राजेश शर्मा, कादिर मंसूरी,नरेन्द्र शाक्य, मुकेश शाक्य, राशिद अन्सारी, बहार अंसारी, हाजी इश्तियाक इदरीसी, हाजी कमरुद्दीन मंसूरी, हाजी इरशाद अली आदि लोग मौजूद रहे। एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, सीओ सुरेश मलिक, प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी, ईओ सुनील कुमार सिंह के अलावा भारी पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा। सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक कलियान सिंह दोहरे, जय कुमार बउअन तिवारी, आकाश शाक्य, नाजिम खां, यश दोहरे, नेम सिंह यादव, पीपी सिंह, पवन अवस्थी, हसीब हसन ने ईद की बधाई दी।