निलंबित मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसके शैलेट।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। अधूरे हैचरी निर्माण पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य को निलंबित करने के बाद अब लाभार्थी को एक सप्ताह का वक्त दिया गया है। लाभार्थी को इस अवधि में निर्माण पूरा कराना होगा। लापरवाही पर रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फर्रुखाबाद के सहायक निदेशक मत्स्य ने कन्नौज में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
गुरुवार को फर्रुखाबाद के सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश चंद्र ने कन्नौज में मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। सबसे पहले उन्होंने हसेरन ब्लाक के सुखसेनपुर में संजीव कुमार के हैचरी निर्माण के बारे में जानकारी ली। वरिष्ठ सहायक रामाशीष ने बताया कि 25 लाख की योजना में 15 लाख रुपये तीन किस्त में लाभार्थी संजीव कुमार को दिए गए थे। 10 लाख रुपये उन्हें लगाने थे। दो की जगह एक हेक्टेयर में हैचरी का निर्माण कराया गया। बाकी निर्माण को लेकर संजीव आश्वासन देते रहे। निर्माण पूरा नहीं कराया।
इस लापरवाही में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य एसके शैलेट को शासन ने निलंबित कर दिया। सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश चंद्र ने कहा कि संजीव कुमार एक सप्ताह में अधूरा निर्माण पूरा कर लें। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।