सौरिख। जिले के सबठेकेदार ने कानपुर नगर जिले के ठेकेदार के साथ रसूलाबाद के गांव में बिजली खंभे व केबल डालने का अनुबंध किया था। इसके एवज में कई किस्तों में 42 लाख रुपये लिए और काम भी पूरा नहीं किया। रुपये न लौटाने पर कानपुर के ठेकेदार ने सौरिख थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कानपुर नगर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र निवासी संजय सिंह पुत्र रनवीर सिंह एनआर कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं। उन्हें रसूलाबाद के एक गांव में बिजली के खंभे लगाने और केबल डालने का ठेका मिला था। संजय ने काम में कन्नौज की एक फर्म को भी शामिल कर दिया। 18 दिसंबर को दोनों के बीच काम के बंटवारे पर लिखित सहमति बनी। इसके लिए संजय ने कन्नौज की संस्था को तीन लाख रुपये अग्रिम भी दिए।
इसके बाद 6 फरवरी 2019 तक कई बार में आरटीजेएस के माध्यम से बीस लाख छियालिस हजार चार सौ छियासी रुपये, मशीनों, वर्करों व मैटीरियल के लिए तेरह लाख रुपये भुगतान किया। छह लाख रुपये अन्य खर्चों के नाम दिए। कुल 42 लाख 46 हजार 486 रुपये का भुगतान किया गया। संजय ने अपने हिस्से का काम पूरा कर दिया। इसके बाद कन्नौज के सबठेकेदार से दिए गए पैसे पर हिसाब मांगा तो वह टाल मटोल करने लगा।
पैसे भी वापस नहीं दिए गए। इसके बाद संजय ने सौरिख थाने में तहरीर दे दी। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।