सरायमीरा अंधामोड़ पर जीटी रोड का एक नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
इनायतपुर क्रांसिग से लेकर बहादुरपुर उजैना तक जीटी रोड तीन मीटर और चौड़ा होगा। फोरलेन निर्माण में आ रही बाधाओं के चलते प्रस्ताव को पीडब्लूडी ने बदल दिया है। इसमें 30 करोड़ की लागत आएगी। जल्द ही बजट के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। दरअसल, लंबे समय से शहर के अंदर जीटी रोड कोे फोरलेन करने पर चर्चाएं थीं। इसको लेकर मकरंदनगर व सरायमीरा में लोग खासे परेशान थे।
उन्हें चिंता थी कि फोरलेन होने से उनके मकान व प्रतिष्ठान के भवन पूरी तरह से नष्ट हो जाएंगे। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, नेशनल हाईवे जीटी रोड को केवल इनायतपुर गांव की क्रासिंग से लेकर बहादुरपुर उजैना तक 11 किलोमीटर की दूरी को कन्नौज शहर का हिस्सा मानकर छोड़ रही है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की ओर से प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को दी गई है।
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चौड़ीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बिजली विभाग, जल निगम और वन विभाग से भी प्रस्ताव मांगा गया है। सभी के प्रस्ताव शासन को भेजकर बजट की मांग की जाएगी। शहर के अंदर जीटी रोड को चौड़ा करने में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं अन्य विभागों का बजट अलग से होगा।