छिबरामऊ। शादी में जा रहे दूल्हे के चाचा की मौत हो गई और पिता घायल हो गए। घायल पिता को अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले गए। हादसा शादी में शामिल होने के लिए बाइक से जाते समय हुआ।
फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हमीर खेड़ा निवासी संतोष उर्फ सोनू दिवाकर (45) के बेटे गोपाल की बरात शुक्रवार को चपुन्ना चौकी क्षेत्र के ग्राम टिकुरियन नगला जा रही थी। संतोष मौसेरे भाई गिरंद (40) के साथ बाइक से बरात में जा रहे थे। बाइक को गिरंद चला रहे थे। छिबरामऊ के फर्रुखाबाद चौराहे पर पहुंचते ही उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
पीछे से आ रहे बरातियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डाॅक्टर ने गिरंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि गिरंद खेतीबाड़ी करते थे। मौत की सूचना मिलते ही शादी की खुशियों के बीच मातम छा गया। गिरंद के परिवार में पत्नी किरन, बेटी दिव्यां, शिवांगी, काव्या व पुत्र आर्यन हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद नहीं हुए फेरे
चपुन्ना चौकी क्षेत्र के गांव में टिकुरियन नगला में वधू पक्ष के घर पर बरातियों के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। देर रात दूल्हा पक्ष के लोगों ने गांव पहुंच कर सड़क हादसे की जानकारी दी। बरात में दूल्हे के न पहुंचने के कारण शादी नहीं हुई। कन्या पक्ष में भी मातम छा गया।