विकास खंड कन्नौज की ग्राम पंचायत सीहपुर के पाल पुरवा व कुशवाहा पुरवा में विद्युतीकरण न होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। कई महीनों से गांव में खड़े बिजली के खंभे मुंह चिढ़ा रहे हैं। रविवार को ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जिला प्रशासन से विद्युतीकरण कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि शादी में मिलने वाले उपकरण खराब होने लगे हैं। अब लड़कों की शादी में इलेक्ट्रानिक सामान लेने से इनकार कर देते हैं।
ग्रामीण ज्ञान सिंह का कहना है कि दोनों गांव की आबादी लगभग 15 सौ है। छह माह पूर्व बिजली ठेकेदार ने पोल लगाए थे। तार व ट्रांसफार्मरों का कहीं पता नहीं है। सुविधा शुल्क ने देने पर ठेकेदार काम बंद कर चला गया।
श्रीकृष्ण का कहना है कि गांव में खंभे लगने के बाद बिजली की उम्मीद जगी थी। कनेक्शन के लिए लोगों ने आवेदन कर दिए थे। कुछ लोगों ने अपने बिजली के उपकरण भी खरीद लिए थे। वहीं, कुछ लोगों की शादी में बिजली उपकरण वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज बिजली न होने से खराब हो रहे हैं। चुनाव के समय नेता वोट मांगने आए, विद्युतीकरण कराने के भरोसा देकर चले गए। दोबारा न नेता आए न बिजली। बच्चे लालटेन व चिराग के सहारे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। मोबाइल भी दूसरे गांव में चार्ज करने जाना पड़ रहा है। ग्रामीण राधेश्याम, गंगाचरण, सुखराम, ब्रजेश, इंद्रपाल, अनिल, सेवाराम, अनुज, किशोरीलाल, सुदामा आदि ने शीघ्र विद्युतीकरण की मांग की है।
ग्राम प्रधान पुष्पादेवी का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता पी राम से ठेकेदार की ओर से काम बंद करने की जानकारी दी, शिकायत के बाद भी दोनो पुरवों में विद्युतीक रण नहीं हुआ। अब बिजली समस्या को लेकर डीएम से समाधान की मांग करेंगे।