ओला पीड़ित किसानों का दुखदर्द जानने के लिए बुधवार को कमिश्नर अन्य अफसरों के साथ अलियापुर व निस्तौली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित किसानों को राहत चेक बांटी। साथ ही किसानों को खरीफ फसल का बीमा क्लेम तत्काल भिजवाने के आदेश दिए। रबी के सीजन में क्राप कटिंग रिपोर्ट जल्द तैयार कराने को भी कहा।
मंडलायुक्त मो. इफ्तखारुद्दीन ने जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, एसडीएम तिर्वा महेश चंद्र शर्मा, तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी, नायब तहसीलदार आरके वर्मा, बीडीओ रामउदरेज यादव, कानूनगो वृजनंदन सिंह यादव ने ओलावृष्टि से पीड़ित 490 किसानों को चेक बांटी। गांव अलियापुर के प्राइमरी पाठशाला में अफसरों ने चौपाल लगाई।
यहां पर लोगों ने अपने-अपने प्रार्थनापत्र अधिकारियों को सौंपे। इसके बाद अधिकारी निस्तौली गांव पहुंचे। यहां पर 215 किसानों को चेक दीं। इस दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि सर्वे सही से कराया जाए। यदि लेखपाल कोई गड़बड़ी करें तो उनके खिलाफ जांच कराकर कठोर एक्शन लें। फसल बीमा योजना को भी गंभीरता से लेकर पीड़ितों को क्लेम दिलाने के लिए कागजी कार्रवाई पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना का 1 करोड़ 61 लाख रुपया तत्काल किसानों के खाते में भेजा जाए। यदि कोई बैंक या अधिकारी देरी करें तो उनसे सख्ती से निपटा जाए। डीएम को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे किसानों को ख्ररीफ का क्लेम दिलवाना सुनिश्चित कराएं। वहीं रबी की फसल में हुई भीषण बरबादी का ब्यौरा क्राप कटिंग के दौरान दर्ज किया जाए।
इस बार क्राप कटिंग पर विशेष नजर रखी जाए ताकि किसानों को बीमा का क्लेम मिल सके। साथ ही फसल बीमा योजना के संबंध में किसानों को जागरूक करके अधिक से अधिक जानकारी भी दी जाए। लापरवाही बरत रहे कृषि विभाग के अधिकारियों व किसानों को क्लेम दिलाने में रुचि न लेने वाले अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।