तिर्वा। ठठिया थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में 18 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। हालांकि, परिजन खुदकुशी के पीछे की वजह नहीं बता सके हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
गांव निवासी राजबहादुर की पुत्री मुस्कान ने तीन साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। परिजनों ने बताया कि कोरोना काल में उसकी मां सुशीला के निधन के बाद परिवार को संभालने की जिम्मेदारी मुस्कान पर आ गई थी। भाई गौरव ने बताया कि रविवार सुबह मुस्कान ने चाय बनाई और सभी को दी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई।
काफी देर तक जब मुस्कान कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजन उसके कमरे में पहुंचे, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। थाना प्रभारी अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।