सौरिख। भाई के साथ दुकान जा रही मासूम बच्ची को कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे मासूम की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने सौरिख-सकरावा मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। दो घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
सकरावा रोड आंबेडकर नगर निवासी राजीव गिहार की छह वर्षीय बेटी गौतमी छोटे अपने भाई रितिक के साथ गुरुवार को दुकान जा रही थी। इस दौरान सकरावा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे गौतमी की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग निकला। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। चारपाई, बल्ली और तख्त रखकर रोड जाम कर दिया।
जाम की सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला बढ़ता देखकर मौके पर भारी पुलिस बल बुला लिया गया। आक्रोशित लोगों ने तत्काल चालक को गिरफ्तार करने की मांग की।
सीओ दीपक दुबे के आश्वासन पर परिजनों का आक्रोश शांत हुआ। इसके बाद जाम खुलवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंटेनर की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में मासूम की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए सौरिख-सकरावा मार्ग जाम कर दिया। इस बीच दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। साथ ही मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। हंगामे के दौरान पुलिस ने कंटेनर की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले।