ग्रामीणों से पूछताछ करते ठठिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह।
- फोटो : KANNAUJ
ठठिया(कन्नौज)। घर से होटल के लिए निकले युवक का शव विशिष्ट निर्माणाधीन मंडी मैदान में पड़ा देख सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाक्षेत्र इलाके के मंडी मैदान में शुक्रवार की शाम चरवाहे जानवर चराने गए थे। यहां शव पड़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने मृतक युवक का नाम विजय राठौर (23) पुत्र गोपाल राठौर बताया। युवक पिता के साथ होटल पर काम करता था। वह सुबह घर से होटल जाने की बात कहकर निकला था। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चल सकेगा।