कन्नौज। हरदोई जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित होने वाले गैस सिलिंडर शहर के ग्वाल मैदान मोहल्ले के एक घर में डंप मिले हैं। पुलिस ने मकान मालिक और गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के ग्वाल मैदान मोहल्ले के विभु तिवारी के मकान में कई दिन से गैस सिलिंडर का स्टॉक रखा था। कुछ लोगों ने अधिकारियों से कालाबाजारी और बड़ी संख्या में सिलिंडरों के भंडारण से हादसे की आशंका को लेकर शिकायत कर दी। इससे एसडीएम गौरव कुमार शुक्ला के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज गहराना ने विभु तिवारी के मकान नंबर-52 में छापा मारा। इस दौरान 16 भरे और 11 खाली सिलिंडर बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि हरदोई जिले की आरएन मटियामऊ एजेंसी से ग्रामीण क्षेत्रों में इनका वितरण होना था। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज गहराना ने विभु तिवारी निवासी ग्वाल मैदान और गैस एजेंसी के संचालक आरिफ जमा के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीएम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, एजेंसी मालिक का कहना है कि लोडर खराब हो गया था, इस वजह से विभु तिवारी के घर सिलिंडर सुरक्षित रखवा दिए थे।