सर्दी से बचने के लिए अलाव तापते लोग।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। घने कोहरे के बीच सर्दी से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। दृश्यता कम हो गई है। इससे एक्सप्रेसवे समेत जीटी रोड पर छोटे-बड़े वाहन दिन में लाइट जलाकर धीमी गति से चले। कोहरे की वजह से पारा पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने तीन दिन तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताई है।
गुरुवार सुबह घने कोहरे से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। छोटे-बड़े वाहनों के चालक दिन में लाइट जलाकर धीमी गति से आगे बढ़े। कड़ाके की सर्दी में बच्चे और बुजुर्ग घरों में कैद रहे। वहीं जरूरतमंद व निजी कंपनी में नौकरी करने वाले शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर बाहर निकले। दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकली। घने कोहरे की वजह से न्यूनतम पारा 5.02 और अधिकतम 18.04 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं शाम पांच बजते ही ठिठुरन का आम जन जीवन पर असर दिखने लगा। सर्दी बढ़ते ही लोग घरों में दुबक गए। फुटपाथ व ठेली वाले दुकानदार दुकान बंद कर जल्द घर चले गए। लोगों ने हीटर व अलाव के सामने बैठकर सर्दी से बचाव किया। कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वैज्ञानिक अमरेंद्र यादव ने बताया कि तीन दिन तक घना कोहरा छाया रहेगा। छिटपुट बारिश की संभावना है। इसके बाद अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।
वृद्ध व बच्चे घर से न निकलें: डॉ. वीके शुक्ला
जिला अस्पताल के फिजीशियन व इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. वीके शुक्ला ने बताया कि अचानक बुखार चढ़ना, बार-बार छींकना, स्वाद व सुगंध की अनुभूति कम होना, बार-बार खांसी होना, गले में घरघराहट, नाक बंद हो जाना, सिर में दर्द उठना, चिड़चिड़ाहट आदि सर्दी लगने के मुख्य लक्षण हैं। सर्दी के मौसम में वृद्ध व बच्चे घर से न निकलें। जरूरी हो तो पूरे शरीर को गर्म कपड़ों से ढक लें। गर्म खाना खाएं। हल्के गर्म पानी का सेवन करें। चिकित्सक के बिना परामर्श के किसी भी दवा का सेवन न करें।