बेलाताल (महोबा )। जैतपुर के मस्तानी महल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने के लिए कराए जा रहे कार्य का जिले के प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अफसरों को पांच जुलाई तक काम पूरा करने के निर्देश दिए।
मस्तानी महल के पथ वे का काम अभी पूरा नहीं हुआ और कई जगह धंस गया। पानी निकासी के लिए डाले गए पाइपों को ऊंचा कर दिए जाने से जलभराव हो रहा है। प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान मंत्री को सोलर लाइट शेड्यूल रेट से दोगुनी कीमत पर खरीदे जाने से भी अवगत कराया गया। प्रभारी मंत्री ने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के परियोजना अधिकारी आरके राठौर को निर्देश दिए कि पांच जुलाई तक काम पूरा कराया जाए।
इस मौके पर भाजपा नेता राहुल अग्रवाल, एमएलसी प्रतिनिधि रणविजय सेंगर, अभय अग्रवाल, सीडीओ बलराम कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। कुलपहाड़ संवाद के अनुसार कस्बे के मां बाघ वराजन धाम में नगर पंचायत की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों का प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम के अलावा तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
5.66 करोड़ से निर्माण की एक बार भी जांच नहीं
बेलताल। 5.66 करोड़ की लागत से मस्तानी महल के सुंदरीकरण के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है लेकिन एक बार भी इसकी तकनीकी समिति से जांच नहीं कराई गई। यूपीपीसीएल में केवल सात इंजीनियर ही तैनात है और सभी अभियंता सिंचाई विभाग से प्रतिनियुक्ति पर आए है। कार्यदायी संस्था के कार्यों की तकनीकी जांच नहीं कराई जा रही है। उधर, सीडीओ का कहना है कि जिला ग्राम्य विकास अभिकरण में स्टाफ नहीं है। इससे जांच कार्य नहीं हो पा रही है।