वीआईपी जिले के गांव संक्रमण की चपेट में हैं। मिरगावां के बाद अब गदनापुर में फैले संक्रमण से गांव में 50 लोग तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी व दर्द से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है। जिससे ग्रामीणों में रोष है। वहीं ग्रामीणों ने गांव में लगे कूड़े के ढेर हटाए जाने की मांग की है।
तालग्राम विकास खंड के मझपुरवा गांव का मजरा गदनापुर संक्रमण से जूझ रहा है। गांव में चारो ओर गंदगी के ढेर लगे हुए है। ग्रामीण अब्दुल सत्तार खां, साजिद, जमील अहमद, मोहम्मद शेर, बबलू, अयाज, सादिक आदि ने बताया कि गांव में कभी सफाई कर्मी महीनों से नहीं आया है। नालियां गंदे पानी से बजबजा रही हैं। घरों का पानी गलियों में भर रहा है। पानी से होकर निकलना लोगों की मजबूरी बन जाती है।
वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गांव बड़ा होने के कारण और अधिक सफाई कर्मी लगाए जाने चाहिये थे जिससे कि गांव की गंदगी साफ हो सके। ग्राम प्रधान मझपुवरा वकील अहमद ने बताया कि गांव में सफाई कर्मचारी धनीराम की तैनाती की गई है। वह गांव बहुत कम आता है। वह अपने स्थान पर किसी दूसरे को भेज देता है। कई बार उससे नियमित सफाई करने को कहा है लेकिन वह सुनता नहीं है। वहीं सीेएमओ, कन्नौज उदयभान का कहना है कि गदनापुर में संक्रमण फैलने की सूचना मिली है। सोमवार को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजेंगे। ग्रामीण स्वच्छता बनाए रखे। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के भरोसे न रहे, स्वयं अपने घरों के आस-पास सफाई कर लें। जिससे काफी हद तक वह बीमारी से बच सकते है। फिर भी कैं प लगाकर बीमारों का उपचार कराया जाएगा।
यह हैं बीमार
मिरगावां। रूबी, रोशनी, फैजाना, नूरबानों, फिरदौस, मीना, जीनत, फरीदा, तबस्सुम, मुसरा, सलमा बेगम, इकरा, नाजिया, फैजार, महजबीन, सुजान, रेहान, शहनवाज, हसमत, साजिद, नूरी, फरीदा, मैनूर, नूरमियां, परवेज, राशिद, बकरुद्दीन, शमशाद, ताहिर, नसीर, सलीम, मंजूर, मुस्तकीम, फैयाज समेत लगभग 50 लोग बीमार है।
गंदगी देख बिफरे ग्रामीण, हंगामा
मिरगावां। गदनापुर में गंदगी होने से ग्राम प्रधान व ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने गांव में शीघ्र साफ-सफाई कराए जाने की मांग करते हुए हंगामा किया। ग्रामीण परवेज, शमशाद समेत बबलू, अयाज, जमील अहमद, साजिद आदि ने बताया कि गांव में सफाई कर्मी की तैनाती होने के बावजूद वह कभी सफाई करने नहीं आता है। गंदगी के कारण व वह बीमारी और सड़ांध के बीच नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सफाई को लेकर कई बार ग्राम प्रधान वकील अहमद से भी शिकायत की गई। लेकिन सफाई कर्मचारी इसके बाद भी गांव में सफाई नहीं करता है। इधर रविवार को गांव में बीमारी फैलने से आहत हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और ग्राम प्रधान वकील अहमद के नेतृत्व में गांव की उपेक्षा के लिए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने गांव में शीघ्र सफाई न होने पर डीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।