उमर्दा। भीषण गर्मी के बीच कस्बे क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गोकुल इंडेन ग्रामीण वितरक केंद्र पर चार दिनों से गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए मंगलवार को केंद्र पहुंचे। सप्लाई न आने से उन्हें चिलचिलाती धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा। दिनभर आस लगाए बैठे लोगों को उस वक्त निराशा हाथ लगी। देर शाम तक गैस की गाड़ी नहीं पहुंची तब उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार सप्लाई बाधित रहने से घरों की रसोई ठप हो गई है। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में गैस जैसी जरूरी सुविधा का बाधित होना प्रशासनिक लापरवाही है। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि सप्लाई न होने के संबंध में जानकारी की जा रही है जल्द ही आपूर्ति सुचारु रूप से उपभोक्ताओं को मुहैया कराई जाएगी।