छिबरामऊ कसबे में पांच दिन पहले गैस एजेंसी में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके दो साथी अभी फरार चल रहे हैं। बदमाशों के पास से तमंचा व 200 ग्राम नशीला पाउडर भी पुलिस ने बरामद किया है।
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ला स्थित रेवती गैस सर्विस की गोदाम पर 14 अगस्त की रात बदमाशों ने धावा बोलकर गैस गोदाम पर चौकीदार राम सेवक व उसकी पत्नी और दो बेटियों के साथ मारपीट की थी। आसपास के लोगों के जाग जाने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले थे।
मामले में एजेंसी मालिक आलोक कुमार वर्मा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वाट टीम, सर्विलांस टीम व छिबरामऊ कोतवाली की तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया था। इस दौरान पुलिस ने शमशाद पुत्र रुस्तम निवासी दानपुर थाना डिबाई जनपद बुलंदशहर हाल निवासी मोहल्ला धमा का ताल छिबरामऊ, कालू तिरकी पुत्र सिमन तिरकी निवासी जयगांव थाना विवेकानंद पल्ली जिला जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल, सोनू कोली पुत्र भारतलाल कोली निवासी टेढ़ीमेड़ा टोडाभीम जिला करौली राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
इनके साथी बदमाश नदीम व अबरार फरार हो गए। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि गैंग का सरगना शमशाद छिबरामऊ कसबे में हैंडपंप लगाने का काम करता है। उक्त बदमाश अपने साथ एक लोडर भी रखते हैं, जिस पर सामान रखकर घटना को अंजाम देने के बाद भाग जाते हैं। शमशाद दिल्ली में एक आपराधिक मामले में तिहाड़ जेल में भी रह चुका है। इन सभी के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। इन बदमाशों को पकड़ने में वरिष्ठ उप निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला व एसआई तारकनाथ की खास भूमिका रही।