कन्नौज। गंगा नदी का जलस्तर दो दिन में 250 सेंटीमीटर बढ़ गया। रविवार को गंगा खतरे के निशान से 50 सेमी ऊपर चली गई। इससे कटरी इलाके में भारी तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। 60 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। फसलें नष्ट हो गई हैं। काली नदी भी उफान पर है। जान बचाने के लिए ग्रामीण सड़कों पर डेरा जमाए हुए हैं। उधर, चौधरी चरण सिंह गंगा बैराज से 1,72,128 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसका असर एक दो दिन में दिखाई दे सकता है। सोमवार तक जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में कटरी क्षेत्र में स्थिति बेहद भयावह हो सकती है।
जलस्तर अचानक बढ़ने से काली नदी के तटवर्ती गांव कटरी अमीनाबाद, सढि़यापुर बांगर, मिश्रीपुर, फिरोजपुर समेत 40 गांव में खेत डूब गए हैं। इसी प्रकार गंगा की तलहटी के गांव कासिमपुर, बक्सीपुर्वा, कटरी गंगपुर, गंगूपुर्वा, दाईपुर, चौराचांदपुर, मेहंदीपुर, महमूदपुर बीजा, गुमटिया, सलेमपुर ताराबांगर, चौधरियापुर बांगर समेत 22 गांवाें का हाल बेहाल है। खेतों में पानी के तेज बहाव से ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ गई हैं। फसलें नष्ट होने से किसान परेशान हैं। जलभराव के कारण घरों से निकलने के लिए ग्रामीण नाव का सहारा ले रहे है। सब्जी की फसल पूरी तरह चौपट हो चुकी है। जान बचाने के लिए ग्रामीण सड़कों पर झोपड़ी डालकर गुजर बसर कर रहे हैं।
इनसेट
इस क्षेत्र में लेखपाल तक नहीं आए
करीब एक माह से कटरी क्षेत्र में बाढ़ का प्रकोप जारी है। सदर तहसील क्षेत्र के कटरी अमीनाबाद, सढि़यापुर बांगर, मिश्रीपुर, फिरोजपुर के ग्रामीणों का कहना है कि इलाके 40 गांव पूरी तरह जलमग्न हैं। फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। यहां आज तक हम लोगों की सुध लेने न कोई अधिकारी और न ही लेखपाल आए हैं। सिर्फ कासिमपुर, बक्सीपुर्वा, गंगूपुर आदि में निरीक्षण व बचाव राहत की कार्रवाई चल रही है।
वर्जन
गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। बचाव एवं राहत के लिए गंगा व काली नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में बचाव एवं राहत टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। पल-पल बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। प्रभावित ग्रामीणों को जरूरी खाद्य सामग्री व दवाइयां दी जा रही हैं।
-अभिनव वर्मा, तहसीलदार सदर
-
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब में हुई भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। गेज खतरे के निशान को पार कर गया है। सिंचाई विभाग व केंद्रीय जल आयोग की टीम लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।
-सूर्यमणि सिंह, अधिशासी अभियंता (सिंचाई खंड)