कन्नौज। गंगा दशहरा सोमवार को है। जिले के महादेवी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान, पूजा-अर्चना और गंगा आरती में शामिल होते हैं। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली हैं।
पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार एक दिन पहले ही महादेवी घाट पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस बल, गोताखोर और जल पुलिस की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, जबकि महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं।
जिला पंचायत और नगर पालिका की ओर से घाटों की सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर तुरंत इलाज मिल सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि घाटों पर सावधानी बरतें, गहरे पानी में न जाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
आज शाम तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
गंगा दशहरा पर्व पर महादेवी घाट में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था सोमवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। कन्नौज से हरदोई जाने वाले वाहन हरदोई मोड़, कानपुर रोड, अरौल कट और एक्सप्रेसवे होकर गुजरेंगे। वहीं, हरदोई और बिलग्राम की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। घाट क्षेत्र में बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।