नगर के मोहल्ला बजरिया में फुंका ट्रांसफार्मर हटाकर
नया लगा दिया गया। चार्जिंग के बाद मंगलवार से इस मोहल्ले की आपूर्ति बहाल
हो जाएगी।
बजरिया में पूर्व सहकारिता मंत्री रामप्रकाश त्रिपाठी वाली
गली के पास रखा 250 केवीए ट्रांसफार्मर रविवार की दोपहर 11 बजे तेज धमाके
के साथ फुंक गया था। इसके धड़ाम होते ही लोगों को पूरी रात अंधेरे में ही
बितानी पड़ी। यह समस्या दूसरे दिन लोगों के लिए काफी मुश्किल भरी तब साबित
हुई, जब पेयजल संकट गहरा गया।
बिजली के अभाव में पानी की मोटर, सबमर्सिबल न
चल पाने के कारण लोग एक-एक बूंद पानी को तरसते रहे। आखिरकार दूसरे दिन
सुबह लोगों को पानी भरने के लिए हैंडपंपों पर ही लाइन लगानी पड़ गई। जल्दी
पानी भरने को लेकर हैंडपंपों पर जुटी भीड़ में कई बार लोगों की आपस में ही
कहासुनी भी होती रही।
संजीव गुप्ता, अनुज वर्मा, अमित, राममनोहर, राकेश
वर्मा, रामविलास, रामऔतार, शिवशंकर, सुभाष, श्याम, संजय आदि ने कहा कि
ट्रांसफार्मर से काफी समय पहले से ही रोजाना धुआं निकलता था। ट्रांसफार्मर
फुंकने की आशंका को देखते हुए उन लोगों ने बिजली विभाग के अफसरों, कर्मियों
को भी अवगत करा दिया था।
पर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे यह धड़ाम हो
गया। सोमवार को दोपहर बाद फुंका ट्रांसफार्मर हटाकर नया लगवा दिया गया।
लाइनमैन अतीक अहमद गुड्डू ने बताया कि एचटी लाइन से इसके कनेक्शन जुड़वा
दिए गए हैं। चार्जिंग के बाद मंगलवार की सुबह इससे एलटी लाइन के कनेक्शन
जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।