सौरिख तिराहे पर रखा 630 केवीए ट्रांसफार्मर फुंक जाने से कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार दोपहर तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ चिंगारी निकली। एलटी लाइन के ब्रेकेट टूटकर दूसरी लाइन पर जा गिरे। इसी के साथ ट्रांसफार्मर फुंक गया। सूचना मिलने पर लाइनमैन अतीक अहमद गुड्डू ने इसे चेक किया। ट्रांसफार्मर के फुंक जाने से मोहल्ला भैनपुरा, मेन मार्केट, सराफान की बिजली गुल हो गई। मालूम हो कि हर दो-तीन माह के अंतराल में यहां पर रखा ट्रांसफार्मर फुंक जाता है।
आरएपीडीआरपी स्कीम के तहत दो वर्ष पहले इसका लोड कम करने की योजना प्रस्तावित थी, लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। स्कीम के तहत सराफान मोहल्ले में 250 केवीए ट्रांसफार्मर रखने के लिए एचटी लाइन के पास प्लेटफार्म भी बना दिया गया। इसके अलावा सौरिख तिराहे पर 630 केवीए की जगह 400 केवीए ट्रांसफार्मर रखा जाना था।
यह पूरी योजना लापरवाही की भेंट चढ़ गई। इस बारे में उपखंड अधिकारी रोहित कनौजिया ने बताया कि गुरुवार को दोपहर तक नया ट्रांसफार्मर आ जाएगा। चार्जिंग के बाद देर शाम तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी। स्कीम के अनुसार लोड डिवाइडेशन की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि योजना प्रस्तावित है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।