ठठिया। घरेलू कलह से परेशान होकर एक युवक ने मंगलवार की देर रात दुकान में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह ग्रामीणों ने दुकान का गेट खुला देखा तो परिजनों को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के पलटेपुरवा गांव निवासी दीपू यादव (32) का शव बुधवार सुबह दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। दीपू की शादी सात वर्ष पहले कानपुर के बिधनू निवासी शांति देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में विवाद की स्थिति बनी रहती थी। अक्सर झगड़ों से परेशान होकर दीपू के माता-पिता ने गांव में ही अलग मकान में रहना शुरू कर दिया था।
दीपू और पत्नी के बीच मंगलवार रात खाने को लेकर कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर दीपू घर से बाहर चला गया और कुछ ही दूरी पर स्थित अपनी दुकान में जाकर रस्सी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों ने दुकान का गेट खुला देखा, तो भीतर दीपू का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दीपू की एक चार वर्षीय बेटी अनन्या है। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।