फोटो:33: आकाश चौरसिया की फाइल फोटो।
गुरसहायगंज। दोस्त के जन्मदिन की पार्टी युवक के लिए काल बन गई। होटल से खाना खाकर लौट रहे बाइक सवार दोस्तों को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की भी हालत नाजुक बनी हुई है। शव घर आते ही परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
परिजन के अनुसार शनिवार को कथा व्यास रत्नेश दुबे के 30 वर्षीय पुत्र रजत दुबे का जन्मदिन था। रविवार को रामगंज निवासी 28 वर्षीय आकाश के साथ होटल से जन्मदिन की पार्टी कर बाइक से घर लौट रहे थे। मिरगांवा रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रजत का कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दुर्घटना के समय हेलमेट नहीं लगाए थे। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद आकाश का शव घर पहुंचा तो परिजन फूट-फूट कर रोने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की है। पुलिस भागे ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। अभी तक घटना की तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाल अजय अवस्थी का कहना है कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।