कन्नौज। कई आपराधिक मामलों और जमीनों पर कब्जा करने के आरोप में जिला मजिस्ट्रेट ने बुधवार को सपा नेता कैश खां को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है।
वहीं, छिबरामऊ क्षेत्र के सपा नेता मेजर सिंह यादव समेत दो लोगों को भी तीन माह के लिए जिले से बाहर कर दिया है। कैश खां पूर्व में समाजवादी पार्टी का जिला कोषाध्यक्ष भी रह चुका है। जिला मजिस्ट्रेट ने शहर के मोहल्ला बालापीर निवासी कैश खां को छह माह के लिए जिला बदर घोषित किया है। उस पर गुंडा एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
इसी प्रकार कोतवाली छिबरामऊ के कल्यानपुर गांव निवासी मेजर सिंह यादव, दीपू यादव व विक्रम उर्फ सांवरिया यादव को गुंडा एक्ट के तहत माह माह के लिए जनपद की सीमाओं से जिला बदर किया गया है। इस अवधि में सभी जिले की सीमाओं से बाहर रहेंगे। जिले में रहने पर कार्रवाई की जाएगी।
दीवानी न्यायालय में उपस्थित होने के लिए तारीख की सूचना संबंधित प्रभारी निरीक्षक को जानकारी देने के बाद ही संबंधित न्यायालय में उपस्थित हो सकेंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव के करीबी कैश खां पर हुई जिला बदर की कार्रवाई दिनभर जिले में चर्चा का विषय बनी रही। उनके कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वहीं, मेजर सिंह यादव सपा के फ्रंटल संगठन मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। सपा युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने बताया कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। पंचायत चुनाव से पहले ही जानबूझकर सपा नेताओं को निशाना बनाकर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)