ऐमा गांव के निकट निचली गंग नहर पुल के पास रविवार की शाम दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत से बाइकों पर सवार पांच लोग उछलकर दूर जा गिरे। इनमें एक ग्रामीण उछलकर नहर में जा गिरा। चार गंभीर रुप से घायल ग्रामीणों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया। यहां हालत गंभीर होने पर सोमवार को उन्हें कानपुर रिफर कर दिया गया। नहर में गिरे ग्रामीण की तलाश सोमवार को पूरे दिन चली। पर उसका पता नहीं चल सका।
कानपुर देहात जिले के थाना रसूलाबाद के गांव टिम्मा निवादा निवासी लक्ष्मीनारायन (55) पुत्र कन्हईलाल अपने भाई रामनरेश (56) व पुत्र दीपू (25) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर ठठिया थानाक्षेत्र के जनखत गांव के निकट स्थित एक गांव में रिश्तेदारी के लिए जा रहे थे।
उसी दौरान कानपुर देहात जिले के ही कल्यानपुर सिरोही निवासी पुष्कर (24) पुत्र प्रेमचंद्र व सतीश (20) पुत्र बलवीर निवासी मुगरिया थाना ठठिया बाइक से रसूलाबाद की ओर जा रहे थे। रविवार की शाम करीब छह बजे निचली गंग नहर पुल के निकट दोनों की बाइकें आमने-सामने टकरा गईं।
जिससे लक्ष्मीनारायन उछलकर नहर में जा गिरा। रामनरेश, दीपू, पुष्कर व सतीश गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पाकर ठठिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस मंगाकर चारों घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की टीम ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के लिए रिफर कर दिया।
उधर, नहर में गिरे लक्ष्मीनारायन की देर रात तक तलाश की जाती रही, पर उनका पता नहीं चला। सोमवार की सुबह ठठिया थानाध्यक्ष रवींद्रनाथ सिंह यादव ने घटना की जानकारी जिले के आला अफसरों को दी। इस पर गोताखोरों की टीम जिला मुख्यालय से मौके पर भेजी गई।
गोताखोरों व पुलिस की टीम ने संयुक्त रुप से नहर में जाल डालकर गायब ग्रामीण की पूरे दिन तलाश की, पर उसका पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीण की तलाश की जा रही है। टीम को लगाया गया है। घायलों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।