बुधवार को गुरसहायगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा थी। जिला प्रशासन ने रूट डायवर्ट किया और छिबरामऊ से तालग्राम होकर कानपुर और लखनऊ जाने वाले वाहनों को निकाला गया। यह वाहन तालग्राम से एक्सप्रेस-वे के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। भारी वाहनों से तालग्राम तिराहा पर भीषण जाम लग गया। लगभग चार घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे।
दुकानदारों ने बताया कि जीटी रोड से गुजरने वाले ट्रेलर जब तालग्राम तिराहा के मोड़ पर पहुंचे तो अपने आप जाम लग गया। दूसरी तरफ इंदरगढ़ और बेला जाने वाली प्राइवेट बसें भी खड़ी थी। पुलिस प्रशासन भी गुरसहायगंज में जनसभा स्थल के आसपास वीआईपी ड्यूटी में लगा था। यही वजह थी कि जाम की सूचना देने के बाद भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। शाम को जब पुलिस कर्मी ड्यूटी से लौटकर आए तो उन्होंने तालग्राम तिराहा पर पहुंचकर जाम में फंसे वाहनों को हटवाया। देर रात तक पूर्वी बाईपास और तालग्राम तिराहा सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।