छिबरामऊ। इलाके के एक इंटर काॅलेज के पूर्व प्रधानाचार्य को इलाज के नाम पर जालसाजों ने हरिद्वार की एक सुप्रसिद्ध योगपीठ में पंजीकरण के नाम पर 42 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पूर्व प्रधानाचार्य ने जब योगपीठ के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया, तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई। पूर्व प्रधानाचार्य ने पुलिस से शिकायत की है।
नगर की आवास विकास काॅलोनी निवासी व भारतीय शिक्षा सदन इंटर काॅलेज के पूर्व प्रधानाचार्य सचींद्र अग्निहोत्री बीमारियों से ग्रसित हैं। गूगल से मिले नंबरों पर उन्होंने हरिद्वार की एक योगपीठ से इलाज के लिए संपर्क किया। रजिस्ट्रेशन के लिए उनसे 42 हजार रुपये की मांग रखी गई। उन्होंने खाते से धनराशि ट्रांसफर कर दी। कुछ ही देर में रजिस्ट्रेशन होने की जानकारी देते हुए 54 रुपये की और डिमांड की गई। उसके बाद पूर्व प्रधानाचार्य ने योगपीठ के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया। जहां से उन्हें जानकारी दी गई कि योगपीठ की ओर से इस तरह से कोई डिमांड नहीं रखी जाती है। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ और कोतवाली पहुंचकर पुलिस के अलावा साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है।