फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: खुद पर नहीं शासन और पढ़ा रहीं अधिकारियों को अनुशासन

Thu, 09 Nov 2023 12:10 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए नियम और अनुशासन का पाठ पढ़ाने पहुंचीं राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम खुद बैठक में दो घंटे विलंब से पहुंचीं। अफसर कलक्ट्रेट सभागार में उनकी राह तकते रहे। सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद कलक्ट्रेट पहुंचीं और अगले एक घंटे तक विभागवार समीक्षा कर अफसरों को सरकार की मंशा बताकर जनता के लिए सजग रहने की नसीहत दी।
विज्ञापन


समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए अफसर दोपहर 12 बजे से ही कलक्ट्रेट सभागार में इकट्ठा होने लगे। तय समय से पहले ही सभागार भर गया। एक बजे तक मंत्री नहीं पहुंचीं तो बताया गया कि वह कार्यकर्ताओं संग सर्किट हाउस में जिले से जुड़ी जानकारी हासिल कर रही हैं। धीरे-धीरे घड़ी की सुई दोपहर के दो बजे पहुंच गई। उसके बाद भी बैठक शुरू नहीं हो सकी। इस बीच अफसरों के बीच समय की पाबंदी को लेकर कानाफुसी शुरू हो गई। सीडीओ आरएन सिंह भी अपने आवास चले गए। दोपहर ढाई बजे वह वापस आए। मंत्री का काफिला दोपहर 02:35 बजे कलक्ट्रेट पहुंचा और स्वागत व परिचय की औपचारिकता के बाद बैठक शुरू हुई। दोपहर 03:45 बजे खुद मंत्री ने ही सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए बैठक पूरी होने की बात कही। बैठक में एसपी अमित कुमार आंनद, सीडीओ आरएन सिंह, एडीएम आशीष सिंह, सीएमओ डॉ. विनोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया आदि मौजूद रहे।


सड़क में गड्ढे की शिकायत
बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने बारी-बारी से कई विभागों की समीक्षा की। जैसे ही बारी सड़कों की आई तो बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने सड़कों की बदहाली की शिकायत की। बाकायदा गुरसहायगंज से तिर्वा के बीच की 15 किलोमीटर की खराब सड़क का हवाला दिया गया। पीडब्लूडी के एक्सईएन ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण होना है। उसका बजट बनाकर शासन को भेजा गया है। मंजूरी नहीं मिली है। विभागीय खर्च से सड़क की देखरेख की जा रही है। शासन से बजट मंजूरी मिलती है, सड़क की बदहाली दूर हो जाएगी। इस पर वहां मौजूद पार्टी नेता चुप्पी साध गए। मंत्री ने कहा कि सड़क के गड्ढे भरने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विज्ञापन


सांसद आदर्श ग्राम योजना पर चकराए अधिकारी
समीक्षा के दौरान सांसद आदर्श ग्राम की बारी आई तो अधिकारी जवाब देने में सकपकाते दिखे। इस वर्ष किस ग्राम सभा को आदर्श ग्राम में शामिल किया गया है, इसपर अधिकारी गोलमोल जवाब देते दिखे। सीडीओ ने हालात को संभाला और सांसद आदर्श ग्राम योजना से जुड़े नियम की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम में शासन की सभी योजनाएं पहुंचनी चाहिए। इसमें किसी तरह की लापरवाही न हो।

योजनाओं में गड़बड़ी की खुद ही की शिकायत

समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री अफसरों पर सख्त दिखीं। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि 2024 का चुनाव है। इसलिए किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की जाए। कहा कि आवास योजना में रिश्वत लेने और पात्रों का नाम काटने और परेशान करने की शिकायत मिली है। चौधरियापुर में पंचायत भवन में कब्जे की शिकायत भी की। बताया कि कार्यकर्ताओं ने उनसे यह शिकायत की है। अफसर इसे गंभीरता से लें। कहा कि सचिव, प्रधान की मिलीभगत से पात्र लोगों का नाम काटा गया है। पैसे मांगे गए हैं। 15 हजार रुपये की मांग की गई है। लिस्ट दी जाएगी। चेक करें और कार्रवाई करें। सभी बीडीओ ध्यान दें, अगर शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई होगी। इसी तरह हर घर जल योजना की समीक्षा करते जलनिगम से नाराजगी जताई। कहा कि बहुत शिकायत मिली है। समीक्षा के दौरान जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने एक्सईएन से कहा कि किसी पांच गांव का नाम बता दें, जहां काम पूरा हो गया हो। सीडीओ ने एक्सईएन से कहा कि बैठक के बाद उन गांव की लिस्ट उपलब्ध करवा दें, जहां काम हो चुका है और हो रहा है। इसी तरह बिजली की किल्लत पर भी नाराजगी जताई गई। तिर्वा क्षेत्र की बदहाली बताते हुए वहां के जेई पर शराब पीकर पांच बजे ही सोने की शिकायत की गई। मंत्री ने छुट्टा पशु के विषय में कहा कि सलेमपुर तारा बांगर में छुट्टा पशु काफी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें