Former block chief's family was elected twice unopposed
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। लगातार 25 साल तक ब्लाक प्रमुख के पद पर काबिज रहने वाले बृजकिशोर सिंह यादव और परिवार के सदस्य बीडीसी सदस्य चुनाव में दो बार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस बार कुर्सी तक पहुंचने के लिए उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ अलग-अलग सीटों से नामांकन दाखिल किया है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में पूर्व ब्लाक प्रमुख बृजकिशोर सिंह को कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। साल 2010 में हुए चुनाव में बृजकिशोर सिंह असालताबाद द्वितीय, पत्नी सुमन यादव मटेहना और बेटी सलोनी ने असालताबाद प्रथम से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। सभी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
साल 2015 में पूर्व ब्लाक प्रमुख ने असालताबाद प्रथम, पत्नी सुमन यादव ने मटेहना, बेटी सलोनी और स्वीटी ने भाउलपुर, असालताबाद द्वितीय से नामांकन किया। इस बार भी किसी के नामांकन न करने पर सभी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इस बार फिर पूर्व ब्लाक प्रमुख मैदान में हैं। बेटे योगेंद्र यादव ने हातिम सीट से, पत्नी सुमन यादव ने असालताबाद प्रथम और बेटी स्वीटी ने असालताबाद द्वितीय से नामांकन किया है।
25 सालों तक लगातार ब्लाक प्रमुख की कुर्सी पर सपा नेता बृजकिशोर सिंह यादव और परिवार का दबदबा रहा है। तीन बार पत्नी सुमन यादव और एक बार बृजकिशोर सिंह काबिज रहे। साल 2005 में सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने पर उन्होंने अपने विश्वासपात्र अवधेश जाटव को प्रमुख बनवाया था।