बैठक में बोलते व्यापार मंडल जिला महामंत्री राजेश गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने पर लोगों के विचार जानने के लिए नगर पालिका सभागार में बुलाई गई बैठक में लोगों ने जमकर हंगामा काटा। अतिक्रमण हटाने के मानक व फुटपाथ से बेदखल किए जाने वाले दुकानदारों को स्थान दिलाने का भी मामला गूंजता रहा। शासन स्तर पर कस्बों में फैले अतिक्रमण को हटाने को लेकर व्यापारियों व आम लोगों की राय जानने के लिए शनिवार को पालिका के सभागार में हुई बैठक में व्यापार मंडल जिला महामंत्री राजेश गुप्ता ने कहा कि पहले अतिक्रमण हटाने का मानक तय किया जाए।
फुटपाथ पर दुकानें लगाने वालों को प्रशासन नया स्थान दे। मुख्य मार्गो के अलावा कस्बा की गलियों का भी अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अतिक्रमण हटाने में भेदभाव किया गया तो व्यापार मंडल विरोध करेगा। नगर अध्यक्ष विजय दुबे ने कहा कि डग्गामार वाहनों का अगर नगर में प्रवेश बंद कर दिया जाए तो यातायात के साथ अतिक्रमण पर भी रोक लग सकती है। उन्होंने अतिक्रमण हटाओ अभियान की एक समिति बनाने की बात कही।
इसमें सभासदों को भी रखा जाए। इस पर सभासद अयूब सिद्दीकी ने विरोध किया, जिस पर बैठक में काफी देर तक हंगामा होता रहा। चेयरमैन प्रतिनिधि इंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि शासन ने अतिक्रमण के मुद्दे पर आम लोगों की राय मांगी है और लोगों की राय से शासन प्रशासन को अवगत कराएगा। इसके बाद अधिकारी इसका मानक तय करेंगे। एसएसआई रमेश चंद्र पांडेय ने डग्गामार वाहनों को नगर से बाहर रखने का खाका तैयार किया कहा कि अधिकारियों की सहमति से इसे लागू कराया जाएगा।