फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालू टेंडर के लिए कन्नौज में भाजपाइयों का बवाल

Sat, 17 Jun 2017 11:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूराो/कन्नौज
विज्ञापन
हंगामा करते भाजपार्ई - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
नौ घाटों के बालू पट्टे के टेंडर को लेकर शनिवार को कलक्ट्रेट में भाजपाइयों ने जमकर बवाल किया। लखनऊ से टेंडर डालने आए ठेकेदार को अन्य ठेकेदारों ने घेर लिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बवाल बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। कुछ देर बाद प्रमुख सचिव गृह के निर्देश पर ठेकेदार को पुलिस सुरक्षा में लखनऊ रवाना किया गया। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने दोबारा घेर लिया। इस पर पुलिस ने हवाई फायरिंग की। हालांकि एसपी फायरिंग की बात से इनकार कर रहे हैं। देर रात आईजी मौके पर पहुंचे। भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ कटियार सहित अन्य लोगों के यहां छापेमारी भी शुरू हो गई है। अवध कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर नौशाद अली की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नौशाद ने हमलावरों की दो गाड़ियों के नंबर भी बताए है।
विज्ञापन


कलक्ट्रेट में शनिवार को जिले के नौ घाटों के बालू के पट्टे को लेकर टेंडर की प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू हुई। आईटी ट्रेडर्स, बालाजी ट्रेडर्स व रामा कंस्ट्रक्शन ने टेंडर डाले। इस दौरान लखनऊ के अवध कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार नौशाद अली पहुंचे तो लोगों ने उन्हें घेर लिया और टेंडर नहीं डालने दिया। भाजपा के तिर्वा विधान सभा क्षेत्र प्रभारी वीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में ठेकेदार अनुराग तिवारी, अशोक सिंह, रावेंद्र कटियार आदि नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट सभागार के बाहर धरने पर बैठ गए, तभी आए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत पाठक एडीएम से बातचीत करके लौट गए। इस दौरान भाजपा के तमाम कार्यकर्ता भी कलक्ट्रेट पहुंच गए। बवाल बढ़ता देख पुलिस लखनऊ के ठेकेदार नौशाद को सुरक्षा घेरे में मानीमऊ चौकी ले आई।

इसी बीच प्रमुख सचिव गृह ने डीएम से घटना के बारे में जानकारी ली। प्रमुख सचिव का फोन आने के बाद एसपी मौके पर पहुंचे। वे ठेकेदार को लेकर दोबारा कलक्ट्रेट पहुंचे। इस पर हंगामा करने वालों ने दोबारा पुलिस को घेर लिया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया। इससे अफरातफरी मच गई और ठेकेदार भाग कर एसपी की गाड़ी में छिप गया। बाद में उसे यूपी 100 की दो गाड़ियों की सुरक्षा में लखनऊ रवाना किया गया। आरोप है कि कन्नौज- हरदोई मार्ग पर रास्ते में कुछ लोगों ने दोबारा ठेकेदार को घेर लिया। इस पर पुलिस ने हवाई फायरिंग कर घेरने वालों को खदेड़ा।
विज्ञापन


पुलिस अधीक्षक हरीशचंदर का कहना है कि ठेकेदार की तबियत खराब हो गई थी। उसे मानीमऊ से लाया गया। लखनऊ जाते समय रास्ते में कुछ लोगों ने घेर लिया था। फायरिंग की बात अफवाह है। यूपी 100 की लिखित शिकायत के बाद पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। देर रात सदर कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में नौशाद अली ने बताया कि वह खनन के लिए टेंडर डालने कन्नौज आए थे। यहां से जाते समय कलक्ट्रेट एवं हरदोई- कन्नौज सीमा के निकट कार संख्या यूपी 74 यू 0214 और दूसरी कार संख्या  यूपी 74 एल 0007 से आए अज्ञात लोगों ने रोककर जान से मारने धमकी दी। टेंडर डालने से मना किया।

जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद ने कहा कि इस प्रकरण की वीडियोग्राफी कराई गई है। उन्होंने बताया कि हमलावर पांच सफेद गाड़ियों से आए थे। दो गाड़ियों की पहचान हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें