उमर्दा व हसेरन ब्लाक में होने वाले चौथे चरण के पंचायती चुनाव को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। पूरी चुनाव प्रक्रिया को शांति पूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन ने भारत- तिब्बत सीमा पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च किया। साथ ही वाहनों को भी खंगाला। बाद में उमर्दा, ठठिया, इंदरगढ़ मे भी फ्लैग मार्च निकाल कर शक्ति प्रदर्शन किया गया।
तिर्वा कस्बे में कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह के नेतृत्व में ठठिया थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष आरपी पांडेय के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के दो दर्जन से अधिक जवानों ने पहले ठठिया रोड चौराहे पर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली। पुलिस ने आधा दर्जन वाहनों के चालान भी काटे।
बाद में ठठिया रोड चौराहे से इंदरगढ़ तिराहे तक फ्लैग मार्च किया गया। इसके बाद पुलिस व सशस्त्र बल के जवान इंदरगढ़ पहुंचे। इंदरगढ़ में फ्लैग मार्च के बाद उमर्दा व ठठिया कस्बे में भी देर शाम फ्लैग मार्च कर अपराधियों में दहशत कायम करने का प्रयास किया गया।