छिबरामऊ। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के उद्देश्य से बनवाए गए 100 शैया अस्पताल में साढ़े सात साल बाद पहला ऑपरेशन किया गया। सिकंदरपुर के अटल बिहारी का जब हाइड्रोसील का ऑपरेशन हुआ तो उनके चेहरे की खुशी देखने ही बन रही थी।
नगर के 100 शैया स्पताल में पहली जनवरी 2016 से स्वास्थ्य सेवाओं की शुरूआत हुई थी। मरीजों के ऑपरेशन के लिए अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड सहित प्रथम तल पर तीन ओटी (ऑपरेशन थिएटर) बनवाए गए थे, लेकिन अभी तक यहां पर किसी सर्जन की तैनाती न होेने के कारण यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी। कई बार शासन को पत्राचार किए जाने के बाद भी अस्पताल में सर्जन की तैनाती नहीं हुई। पिछले दिनों सितंबर माह में सौ शैया अस्पताल में सीएमएस के रूप में जनरल सर्जन डाॅ. सुनील सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया। तभी से यह साफ हो गया था कि अस्पताल में आने वाले रोगियों को निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। शनिवार को सीएमएस ने सिकंदरपुर कस्बा निवासी अटल बिहारी (52) का हाइड्रोसील का सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन होने के बाद अटल बिहारी के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। अब मरीजों को 100 शैया अस्पताल में सर्जरी शुरू होने से बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद बंध गई है। इस संबंध में सीएमएस डाॅ. सुनील सिंह ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों की सर्जरी की सुविधा जारी रहेगी।