बोर्डिंग ग्राउंड में तीन बजे जिस समय पूरा प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था परख रहा था। ठीक उसी दौरान बमुश्किल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित कचहरी परिसर में गोली चलने की सूचना से अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। सदर कोतवाली के भगतखाड़ा निवासी चंदन गांव के रहने वाले आदेश के चाचा की हत्या का आरोपी है।
आरोपी अपने वकील के साथ चैंबर में जा रहा था
शुक्रवार को उसी मुकदमे से जुड़ी सुनवाई के लिए दोनों पक्ष अदालत में आए थे। बताया जा रहा है कि मुकदमे में पेशी के बाद दोनों पक्ष अदालत से बाहर निकले। मुकदमे का आरोपी चंदन भाई कल्लू और उसके केस की पैरवी कर रहे वकील हरिमोहन सिंह के साथ चैंबर में जा रहा था।
कोई कुछ समझ पाता, तब तक तमंचे से फायर कर दिया
उसी दौरान ब्लॉक-सी की निचली मंजिल के गलियारे से गुजरते समय मुकदमे का वादी आदेश अपने पिता, चाचा और भाई के साथ वहां पहुंच गया। कोई कुछ समझ पाता, तब तक आदेश ने तमंचे से फायर कर दिया। निशाना चूक गया तो वह दोबारा तमंचा लोड करने लगा।
आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया
तब तक वहां मौजूद वकील और दूसरे लोग उसे पकड़ने के लिए दौड़े। भागते समय वह गिर गया। लोगों ने पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया। एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा कि कचहरी परिसर में गोली चलाने वाले आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।