थाना क्षेत्र के गांव चौखटा में खाना बनाते समय चूल्हे से उठी चिंगारी से तीन घरों में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में दो लोग झुलस गए। इससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की पत्नी माधुरी मंगलवार दोपहर चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी छप्पर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की उठती लपटों ने पड़ोसी गिरिंद पुत्र प्रभुदयाल व परशुराम पुत्र सुखवासी लाल के मकान को भी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग बुझाने के प्रयास में गांव निवासी ओमप्रकाश व विश्वनाथ पुत्रगण वर्मादीन झुलस गए। बाद में उपचार के लिए विश्वनाथ को सीएचसी तालग्राम में भर्ती कराया गया।
उधर आग की बढ़ती लपटों के चलते खेतों पर लगे नलकूपों से पानी सप्लाई मौके तक पहुंचाई गयी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष रजनेश कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी फायरबिग्रेड को दी। दमकल की गाड़ी गांव पहुंची तो उसे सकरी गलियों से जूझना पड़ा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया।
आगजनी से सुरेंद्र सिंह के घर में रखी 50 हजार की नकदी, जेवरात, खाद्यान्न व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। वहीं गिरिंद की 30 हजार की नकदी, जेवरात व परशुराम के घर 25 हजार की नकदी समेत सामान जलकर राख हो गया। ग्रामप्रधान ओमकार पाल ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल विनय कुमार को दी। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।