छिबरामऊ। रंजिश को लेकर दो पक्षों में शनिवार देर शाम गाली-गलौज, मारपीट के साथ पथराव व फायरिंग हो गई थी। विवाद में दोनों पक्षों से घायल हुए दो युवकों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला चौधरियान निवासी अंसार ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 6:20 बजे वह घर पर थे। तभी मोहल्ले के ही फैय्याज, अनस, अनवर, जीशान, फैसल, फैज उसके दरवाजे पर आए और रंजिश में गालियां देने लगे। घर में मौजूद मोहल्ला धमे का ताल निवासी मौसी के लड़के सरताज ने गाली गलौज का विरोध किया तो इन लोगों ने तमंचों से फायरिंग कर दी। पैर में गोली लगने से सरताज मरणासन्न होकर गिर पड़ा। उसके बाद भी इन लोगों ने कई राउंड फायर किए व ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर भीड़ एकत्रित हो गई, तभी पुलिस के पहुंचने पर सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फायरिंग में युवक के घायल होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।