कन्नौज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों के शीर्ष संगठन क्लस्टर लेवल फेडरेशन की कार्यप्रणाली परखने के लिए जिले में सत्यापन अभियान चल रहा है। शासन और उपायुक्त स्वतः रोजगार के निर्देश पर आठ विकास खंडों में गठित 32 सीएलएफ के वित्तीय प्रबंधन, अभिलेखों और योजनाओं के संचालन की जांच कराई जा रही है। 16 नवंबर से शुरू हुई प्रक्रिया में अब तक तीन सीएलएफ का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि शेष 29 का सत्यापन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
सत्यापन का मुख्य उद्देश्य संगठनों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और उन्हें मजबूत बनाना है। इसके तहत वित्तीय वर्ष की बैठक रजिस्टर, कार्यवाही पंजिका, उपस्थिति, प्रस्ताव और निर्णयों का मिलान किया जा रहा है। इसके अलावा बैंक खातों की पासबुक, कैश बुक, लेजर, भुगतान वाउचर और ऑडिट रिपोर्ट की भी जांच हो रही है। अधिकारियों की ओर से यह भी देखा जा रहा है कि सामुदायिक निवेश निधि, रिवाल्विंग फंड और बैंक ऋण की धनराशि किन समूहों को दी गई और उसका उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुसार हुआ या नहीं। ऋण की वसूली, बकाया और एनपीए की स्थिति भी जांच के दायरे में है। जिले के सदर, छिबरामऊ, तालग्राम, सौरिख, गुरसहायगंज, जलालाबाद, हसेरन और तिर्वा ब्लॉक में 32 सीएलएफ सक्रिय हैं। सत्यापन के बाद जहां कमियां मिलेंगी, वहां सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
महिला समूहों को मिलता है आर्थिक संबल
सीएलएफ के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि, रिवाल्विंग फंड, आजीविका गतिविधियों और प्रशिक्षण का लाभ मिलता है। जिला समन्वयक शिव बिहारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर सत्यापन कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिला संगठनों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
वर्जन
जिले के सभी 32 क्लस्टर लेवल फेडरेशन का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के दौरान वित्तीय अभिलेखों, बैंक खातों, बैठकों की कार्यवाही और समूहों को दिए गए फंड व ऋण के वितरण की जांच की जा रही है। अब तक तीन सीएलएफ का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष का सत्यापन भी चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। जांच में मिलने वाली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे।
- शिव बिहारी, जिला समन्वयक