गुरसहायगंज। नगर पालिका परिषद की ओर से शुरू किए गए औचक भ्रमण एवं निरीक्षण अभियान के तहत अधिशासी अधिकारी ने वार्ड नंबर दो राजेंद्र नगर का सुबह सात बजे स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सभासद प्रतिनिधि सहित पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ईओ अनिल कुमार ने निरीक्षण के दौरान तिर्वा रोड पर जल निकासी के लिए निर्माणाधीन नाले का जायजा लिया गया। यहां मौजूद ठेकेदार व सुपरवाइजर को निर्माण कार्य में तेजी लाकर नाले का काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। ताकि क्षेत्र में जलभराव और जल निकासी की समस्या का प्रभावी समाधान हो सके। इसके बाद डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की भी जांच की गई।
इस पर ईओ ने संबंधित सफाई कर्मचारी विनोद कुमार की कार्य में लापरवाही मानते हुए तीन दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने को कहा। निरीक्षण के दौरान लेखा सहायक आकाश कुमार, निर्माण सहायक शैलेंद्र कुमार, प्रधानमंत्री आवास योजना प्रभारी प्रसन्नजीत मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी अशोक कुमार, सफाई प्रभारी शिवशंकर तिवारी तथा पालिका कर्मचारी दीनानाथ मौजूद रहे। कर्मचारियों ने मौके पर दिए गए निर्देशों को निर्देश पुस्तिका में दर्ज किया। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सड़क, नाला, जल निकासी, पेयजल, स्वच्छता और कूड़ा संग्रहण सहित नागरिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का मौके पर परीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है।