गणतंत्र दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जाने की जिम्मेदारी समस्त खंड शिक्षाधिकारी व नगर शिक्षाधिकारी को सौंपी गई है।
बीएसए रामकरन यादव ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि समस्त प्रधानाध्यापक सुबह 7:30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन कराएंगे। बच्चे प्रभात फेरी जीटीरोड व मुख्य मार्गो पर नहीं निकालेंगे। समस्त सरकारी भवनों व कार्यालयों पर सुबह 8:30 पर ध्वजारोहण व संकल्प वाचन किया जाएगा।
समस्त शिक्षण संस्थाओं में सुबह दस बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा। नाटक, विचार गोष्ठी तथा निबंध लेखन एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्म निरपेक्षता पर बल दिया जाए। विनोद दीक्षित चिकित्सालय से दोपहर बारह बजे झांकी का कार्यक्रम आयोजित होगा।
झांकी लाखन तिराहे से बड़ा बाजार होते हुए केके इंटर कालेज परिसर ग्वाल मैदान पर समाप्त होगी। विभाग के साक्षरता के समस्त जिला समन्वयक तथा सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक, स्काउट एवं गाइड टीचर मौजूद रहेंगे। दोपहर दो बजे से केके इंटर कालेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें नगर शिक्षाधिकारी, नगर क्षेत्र अपने नगर क्षेत्र के विद्यालयों को प्रतिभाग कराएंगे।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों का लिया जायजा
पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाली परेड में किसी भी तरह की कमी न रह जाए, इसे लेकर एसपी एके जैन ने पुलिस लाइन में अंतिम परेड का जायजा लिया। इस दौरान मिली कमियों को मौके पर ही दूर कराया। अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष शाक्य व क्षेत्राधिकारी सदर करन सिंह समेत आरआई को निर्देश दिए कि जिन सिपाहियों की परेड में कमियां हैं उन्हें तत्काल दूर करा दें।
एसपी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाना है। इसके लिए जवान पूरी तरह मुस्तैद रहें। बच्चे इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर देश भक्ति की अलख जगाएंगे। इस मौके पर बेहतर कार्य करने वाले पुलिस जवान व अधिकारी सम्मानित किए जाएंगे।