कन्नौज। चीन में फिर से नई बीमारी की दस्तक ने सभी को चौंका दिया है। सरकार की ओर से भी एहतियाती कदम उठाए जाने की बात होने लगी है। ऐसे में एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं की कसौटी शुरू हो गई है। कोविड महामारी के दौरान जिले में मरीजों को सहूलियत के लिए वेंटीलेटर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर स्वास्थ्य विभाग को मुहैया कराए गए थे। जिला अस्पताल में 22 वेंटिलेटर और 13 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर हैं, लेकिन वेंटिलेटर को चलाने के लिए स्टाफ न होने की वजह से शोपीस बनकर रह गए हैं। कोविड काल में मिले ज्यादातर लाइफ सपोर्टिंग उपकरण बंद पड़े हैं।
स्वास्थ्य विभाग आपात स्थिति में हर प्रकार से तैयारियों का दावा कर रहा है, लेकिन इमरजेंसी के दौरान काम आने वाले ज्यादातर लाइफ सपोर्टिंग उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। कोविड महामारी के दौरान जिला अस्पताल को 22 वेंटिलेटर और 13 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मुहैया कराए गए थे। जिसमें 10 लीटर के पांच और पांच लीटर के सात हैं। वेंटिलेटर को ऑपरेट करने के लिए टेक्नीशियन न होने की वजह से आज भी धूल फांक रहे हैं। ऐसे में अगर इमरजेंसी में कोई अलर्ट जारी होता है तो स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाएं फेल साबित होंगी। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया गया था, लेकिन आज भी महिला विंग और एसएनसीयू वार्ड में पाइप की बजाए सिलेंडर से ही ऑक्सीजन की सप्लाई हो रही है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि अभी किसी प्रकार के अलर्ट की सूचना नहीं आई है। अगर अलर्ट आता है तो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है।