थानाक्षेत्र के चांदापुर गांव में सोमवार को दो बेटियों की विदाई देख पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बज रहीं शहनाईयां खामोश हो गईं। विदाई रोक दी गई। दोनों दूल्हे ससुर की मौत के गम में देर शाम तक गांव में बने रहे।
तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव चांदापुर निवासी बचान सिंह (45) की दो बेटियों की शादी रविवार को थी। तीसरे नंबर की बेटी आरती की शादी जनपद औरैया के दबियापुर क्षेत्र के कंचौसी से जितेंद्र सिंह के साथ हुई। वहीं, चौथे नंबर की बेटी टीना की शादी कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र धनीरामपुर निवासी सुनील के साथ हुई।
सोमवार की सुबह कलेवा के बाद बेटियों की विदाई की तैयारी हो रही थी। दोनों बेटियां दुल्हन के लिबास में सजधज कर अपने पिता के घर से ससुराल जाने के लिए तैयार हो रहीं थी। अचानक पिता बचान सिंह दिल में दर्द होने की बात कह चारपाई पर लेट गया। हालत बिगड़ते ही परिजन निजी वाहन से तालग्राम निजी चिकित्सक के पास लेकर गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों ने भी इसे हार्ट अटैक बताया है। शव घर आते ही पूरे भीड़ लग गई। विदाई रोक दी गई, वहीं दोनों दूल्हे भी गांव में ही रुक गए हैं।
चार बेटियों की जिम्मेदारी
बचान सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में एक बेटे के साथ आठ बेटियां हैं। दो साल पहले बड़ी पुत्री पपिया (22) व पू्जा (21) की शादी कर दी थी। रविवार शाम को तीसरे नंबर की पुत्री आरती (20) व चौथे नंबर की टीना (19) की भी शादी कर दी। मां अनारकली के ऊपर सपना (17), अश्मनी (15), काजल (13) व प्रीति (11) के भरण-पोषण की जिम्मेदारी आ गई है।