सौरिख। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद से एंबुलेंस से बेटे का शव ले जा रहा पिता हादसे का शिकार हुआ। कार ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी, जिसमें पिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार के दरभंगा जनपद के थाना मनेगाछी गांव निवासी पचकोरी लाल (50) नोएडा के सूरजपुर में रहकर सब्जी बिक्री करते थे। उनका बेटा कृष्णा (21) भी उनके साथ सहयोग करता था। शनिवार को कृष्णा की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम कराकर पिता पचकोरीलाल भाई अर्जुन, जीवू, भतीजे राजवीर, राजलाल शिवनारायण एंबुलेंस से कृष्णा का शव लेकर बिहार जा रहे थे। एंबुलेंस गौतमबुद्ध नगर के उतरावली गांव निवासी चालक सतीश सिंह ठाकुर चला रहा था। रविवार की सुबह पांच बजे एंबुलेंस नगला वीरभान गांव के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खराब हो गई। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे एंबुलेंस क्षतिग्रस्त और उसके उसमें सवार पचकोरी लाल की मौत हो गई।