पीएसएम महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन व छात्र नेताओं के बीच चल रही जुबानी जंग सतह पर आ गई है। छात्र नेताओं ने महाविद्यालय परिसर में अनशन पर बैठकर चुनाव कराए जाने के लिए नारेबाजी की। महाविद्यालय की सूचना पर पहुंचे शहर कोतवाल ने प्राचार्य के साथ वार्ता के बाद अनशनकारी छात्र नेताओं का अनशन खत्म कराया।
पीएसएम महाविद्यालय में वर्ष 2015 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। छात्र नेता दो साल से छात्र संघ चुनाव कराए जाने के लिए महाविद्यालय प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। बुधवार को नवाब सिंह गुट, वीर सिंह गुट सहित अन्य गुटों के छात्र नेताओं ने एक मंच पर आकर छात्र हितों की लड़ाई एक साथ लड़ने का निर्णय लिया। महाविद्यालय में सुबह नौ बजे छात्र नेता अनशन पर बैठ गए। इस दौरान नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय प्रशासन से छात्रसंघ चुनाव की तिथियां घोषित किए जाने की मांग की। छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखकर प्राचार्य ने मामले से शहर कोतवाल को अवगत कराया। पुलिस फोर्स महाविद्यालय पहुंची और अनशनकारी छात्र नेताओं को नारेबाजी करने से रोका। प्राचार्य से वार्ता करने के बाद कोतवाल अजय कुमार सिंह ने छात्र नेताओं को समझाकर अनशन समाप्त करा दिया।
प्राचार्य सुनीति मिश्रा ने कहा कि छात्र नेताओं ने अनशन करने के लिए महाविद्यालय प्रशासन को लिखित जानकारी नहीं दी। यह महाविद्यालय के नियमों के खिलाफ है। छात्र नेताओं को कई बार अवगत कराया जा चुका है कि कोर्ट स्टे आर्डर के चलते छात्रसंघ चुनाव कराया जाना संभव नहीं है। इसके बावजूद छात्र नेता महाविद्यालय प्रशासन पर जबरन छात्रसंघ चुनाव करने के लिए दबाव बना रहे हैं।
पिछले दिनों जिलाधिकारी को छात्र नेताओं की ओर से ज्ञापन सौंपा गया था। जिसका जवाब महाविद्यालय की ओर से दिया जा चुका है। यदि छात्र नेताओं ने दोबारा महाविद्यालय में इस तरह प्रदर्शन किया तो लिखित में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष चंदन यादव, अजय शर्मा, एकलव्य तिवारी, अजय यादव, शुभम यादव, यशस्वी अग्निहोत्री, अभिमन्यु ठाकुर, राजू यादव, शिवा ठाकुर, राज यादव, छोटू ठाकुर, गोविंद कटियार, विराट सोनी, मंगलम पांडेय आदि रहे।