शहर के मोहल्ला गदनपुर बड्डू में प्रस्तावित आवास विकास योजना में भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को प्रार्थनापत्र देकर अनुपजाऊ व असिंचित भूमि पर योजना क्रियांवयन की मांग की।
शहर के मोहल्ला गदनपुर बड्डू, ताजपुर नौकास्त, मौसमपुर मौरारा व युसुफपुर भगवान के दर्जनों लोग सोमवार की दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उनका कहना था कि आवास विकास के लिए प्रस्तावित भूमि सर्वाधिक उपजाऊ है। भूमि अधिग्रहण से काफी किसान भूमिहीन हो जाएंगे। प्रस्तावित भूमि का कुछ क्षेत्र मकरंदनगर जीटी रोड किनारे आता है।
यह भूमि काफी महंगी और व्यवसायिक है। प्रस्तावित भूमि के 20 एकड़ क्षेत्रफल में 5 विद्युत चालित नलकूप व करीब एक सैकड़ा भवन बने हैं। कुछ भूमि औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने उद्योग के विस्तार के लिए खरीद रखी है। भूमि अधिग्रहण होने से औद्योगिक विकास में बाधा उत्पन्न होगी।
कुछ कृषक परिवारों के बेरोजगारों ने भूमि पर उद्यम स्थापित करने के लिए विभिन्न योजनाओं में ऋण आवेदन कर रखे हैं। उनका भविष्य अंधकार मय हो जाएगा। इस मौके पर प्रदीप यादव, जितेंद्र यादव, धर्मेेंद्र, अविनाश, विनोद, श्रीनिवास, विजय, रामरतन सैनी, रामसिंह, भजनलाल, आलोक गुप्ता, रामआसरे, वेदप्रकाश, अनिल सहित कई लोग मौजूद रहे।