कन्नौज-जलालाबाद। किसान सम्मान निधि की 14वीं किस्त गुरुवार को प्रधानमंत्री ने जारी की। इसके तहत जिले के एक लाख 93,446 किसानों के खाते में निधि की रकम पहुंची। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। जलालाबाद सि्थत कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी में गुरुवार को पीएम-किसान सम्मेलन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम को जलालाबाद ब्लॉक के लगभग 145 किसानों ने देखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अर्चना पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। पीएम किसान सम्मान निधि की 14 वीं किस्त की रकम किसानों के खातों में हस्तांतरित किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की अनेकों योजनाएं प्रत्यक्ष रूप से किसान भाइयों को लाभ पहुंचा रही हैं। किसानों को चौपाल, कृषि केंद्रों पर बैठ कर आपस में इन योजनाओ पर चर्चा करनी चाहिए। कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यों की सराहना की व कहा कि वैज्ञानिकों की ओर से बताई गई कृषि तकनीकें किसानों की आय वृद्धि में सहायक होगी। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. अमर सिंह व डॉ. चंद्रकला यादव ने भी अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद कुमार ने किया।