उन्नाव। मौरावां में निर्मित सौ शैया अस्पताल में लोकार्पण के 30 महीने बाद डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। सीएमएस सहित पुरुष इकाई के लिए छह डॉक्टर, महिला इकाई के लिए चार महिला डॉक्टर और आठ पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के लिए संयुक्त सचिव ने निर्देश जारी किया है।
मौरावां क्षेत्र की 50 हजार आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मौरावां के रामलीला मैदान में 39.10 लाख रुपये से 100 शैया अस्पताल का निर्माण कराया गया था। 2018 में बनकर तैयार हुए इस अस्पताल का 28 दिसबंर 2020 में लोकार्पण हुआ था। लेकिन अस्पताल में स्टाफ की तैनाती न होने से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा था। दो सप्ताह पहले दो महिला डॉक्टरों को तैनात कर ओपीडी शुरू कराई गई थी। स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त सचिव रचना गुप्ता ने आदेश जारी कर भदोही से डॉ.रवि अघौलिया को चिकित्साधीक्षक पद पर तैनात करते हुए दस डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती का आदेश दिया है।