संवाद न्यूज एजेंसी
तिर्वा। किसानों के वाहन के लिए टोल फ्री करने की मांग करते हुए किसान यूनियन के सदस्यों ने टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सीओ ने किसानों से बातचीत कर मामला शांत करवाया।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष उपेंद्र राजपूत की अगुवाई में यूनियन के 30 से अधिक किसान सदस्यों ने कोतवाली क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे फागुहा भट्टा के टोल प्लाजा पर किसानों के वाहनों पर टोल फ्री करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का दावा कर लोगों के बीच भ्रम फैला रही है। आरोप लगाया कि सरकार किसानों की हितैशी होने का ढोंग रच रही है। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर किसानों के वाहन पर टोल फ्री करने की मांग की। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सीओ शिवप्रताप सिंह ने प्रदर्शनकारियों से बात की और प्रदर्शन को खत्म कराया। इस मौके पर रामप्रकाश, भुलेंद्र सिंह, जगजीवन सिंह, नरेश, जयप्रकाश, लालचंद आदि मौजूद रहे।