ग्राम तेरारब्बू में स्वागत कार्यक्रम के दौरान सपा विधायक अरविंद सिंह यादव ने कहा कि हर पीड़ित किसान की संभव मदद की जाएगी। फसलों पर पड़ी मौसम की मार से परेशान होकर कोई भी किसान खुदकुशी न करे। सरकार पीड़ित किसानों के साथ है।
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग नहीं मिल रहा है। जिससे प्रदेश के विकास कार्यो में संसाधन जुटाना मुश्किल हो रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव में बिजली पहुंचे व हर गांव में स्कूल हो। जिसको लेकर योजना चलाई जा रही है। सालों से अंधकार में डूबे सैकड़ों ग्रामों को बिजली मिलने लगी है।
किसानों को आश्वस्त किया कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा शत प्रतिशत दिया जाएगा। इसके लिए लेखपालों की टीम फसल का सर्वे कर रही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ममता कनौजिया ने कहा कि सपा सरकार में ही गांवों में विकास की किरण पहुंची है। इससे पहले सिर्फ घोषणाएं की जाती रही हैं।
सहकारी समिति के अध्यक्ष संतोष चतुर्वेदी ने कहा कि सपा सरकार अपने वादों पर खरी उतर रही है। कार्यक्रम को ब्रजेश कौशल, विनय श्रीवास्तव, नंद किशोर कनौजिया ने संबोधित किया। इस मौके पर नाहर सिंह यादव, हरिओम गुप्ता, अशोक यादव, समधन चेयरमैन नकीम खां आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।