छिबरामऊ। पेड़ की टहनियां काटते समय रविवार को किसान करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीखपुकार मच गई।
ग्राम अकबरपुर निवासी लखपति (40) दोपहर में बकरियों को चराने के लिए खेतों पर ले गए थे। 3.30 बजे वह बकरियों को खिलाने के लिए पेड़ पर चढ़कर टहनियां काट रहे थे। तभी उनकी लग्गी एचटी लाइन से छू गई और किसान करंट की चपेट में आकर पेड़ से नीचे आ गिर गया। खेतों पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर संतोष मिश्रा ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से पत्नी संता बाथम समेत पांच बेटियां अनामिका, नंदिनी, अनन्या, आकांक्षा, नीतू दो पुत्र ओमकांत व श्यामसुंदर का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।