तिर्वा। खेत मालिकन के स्थान पर दूसरी बुजुर्ग महिला को खड़ा करके करोड़ों रुपये की कीमती जमीन का फर्जी बैनामा मामले में अब रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पैतृक जमीन की बिक्री की जानकारी होने पर पीड़ित महिला ने सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ सेंट्रल जेल रोड निवासी विद्यावती ने रविवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तिर्वा-कन्नौज मार्ग बहादुरपुर गांव व कस्बे की सीमा में करीब छह बीघा पैतृक जमीन पड़ी है। उसकी कीमत करीब आठ करोड़ रुपये है। उसी जमीन को सदर कोतवाली क्षेत्र के सैदहा गौधानी गांव निवासी अमर नाथ सिंह, उपदेश सिंह, अकबरपुर सरायघाघ गांव निवासी सत्यप्रकाश, मैनपुरी के परोख गांव निवासी सत्यराज समेत उपनिबंधक महेंद्र कठेरिया, विनय कुमार व एक अज्ञात महिला ने मिलकर षडयंत्र कर फर्जी बैनामा करा लिया।
भूमाफिया ने महिला की मिलती-जुलती फोटो लगाकर जमीन का बैनामा की कार्रवाई करवा ली। कहा कि कई दिनों से भू-विक्रेताओं के जमीन की खरीदारी के लिए लगातार फोन आ रहे थे। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है